होम देश प्रदेश फर्स्ट एसी में शराब की ‘शाही तस्करी’, 75 लीटर शराब के साथ...

फर्स्ट एसी में शराब की ‘शाही तस्करी’, 75 लीटर शराब के साथ युवती गिरफ्तार, पिता भी रह चुका है आरोपी

0
29

स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में दिल्ली से जयनगर जा रही थी 25 वर्षीय युवती, समस्तीपुर में आरपीएफ-जीआरपी ने दो सूटकेस से शराब बरामद की

समस्तीपुर। बिहार में शराबबंदी के बीच शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। शराब की खेप पहुंचाने के लिए तस्करों ने ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच तक का इस्तेमाल शुरू कर दिया। समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवती को करीब 75 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके साथ एक युवक को भी पकड़ा गया है।

पुलिस को पहले से गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली से जयनगर जाने वाली 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में एक युवती शराब की बड़ी खेप लेकर सफर कर रही है। खास बात यह थी कि युवती सामान्य कोच में नहीं, बल्कि ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में यात्रा कर रही थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने समस्तीपुर स्टेशन पर घेराबंदी की तैयारी कर ली।

दो सूटकेस खुलते ही खुल गया राज

ट्रेन जैसे ही समस्तीपुर पहुंची, पुलिस ने फर्स्ट एसी कोच में तलाशी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध युवती के सामान की जांच की गई। उसके दो सूटकेस और ट्रॉली बैग खोले गए तो पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। सामान के भीतर ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलें भरी हुई थीं।जांच के बाद करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में ले लिया। उसके साथ यात्रा कर रहे एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया।

दरभंगा पहुंचने से पहले समस्तीपुर में ‘खेल’ खत्म

पुलिस के मुताबिक युवती को दरभंगा जाना था, लेकिन शराब की खेप अपनी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उसका पूरा खेल बिगड़ गया। समस्तीपुर स्टेशन पर पुलिस की कार्रवाई के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी 25 वर्षीय नेहा झा के रूप में बताई गई है। उसके साथ पकड़े गए युवक की पहचान हरियाणा के करनाल जिले के सदर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम गार्डन निवासी 31 वर्षीय ईशान कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार ईशान, नेहा की बड़ी बहन का देवर है।

पुलिस के सामने अंग्रेजी में बातचीत, लेकिन नहीं बचा सकी ‘अंदाज’

तलाशी के दौरान युवती पुलिसकर्मियों से अंग्रेजी में बातचीत करती रही। बताया गया कि वह पुलिस के सवालों का जवाब अंग्रेजी में दे रही थी। हालांकि, पुलिस की तलाशी के दौरान उसके सामान से शराब बरामद होने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में इसे किसे सौंपा जाना था।

परिवार का शराब तस्करी से कनेक्शन?

मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ युवती के परिवार से जुड़े पुराने मामलों की जानकारी भी पुलिस के सामने आई है। पुलिस के अनुसार, नेहा के पिता पंकज झा को पहले भी शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।यही वजह है कि जांच एजेंसियों को शक है कि नेहा का इस धंधे से संबंध केवल इस एक घटना तक सीमित नहीं हो सकता। हालांकि पुलिस अभी उसके पुराने रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

क्या पहले भी दिल्ली से आती रही शराब की खेप?

जीआरपी इंस्पेक्टर बीरबल कुमार के मुताबिक नेहा की शराब के साथ गिरफ्तारी पहली बार हुई है। हालांकि पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि वह इससे पहले भी दिल्ली से शराब की खेप बिहार ला चुकी हो।जांच एजेंसियां उसके पुराने संपर्कों, मोबाइल फोन और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि दिल्ली से शराब की खेप किस व्यक्ति से मिली और उसे दरभंगा में किसे डिलीवर किया जाना था।

दरभंगा के ‘खरीदारों’ की तलाश

इस पूरे मामले में अब सबसे बड़ा सवाल शराब के अंतिम खरीदारों को लेकर है। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि शराब की सप्लाई दरभंगा के कुछ प्रतिष्ठित लोगों और डॉक्टरों तक किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन दावों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शराब की खेप का वास्तविक नेटवर्क कितना बड़ा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।

फर्स्ट एसी का सफर और 75 लीटर शराब ने खड़े किए कई सवाल

बिहार में शराबबंदी के बावजूद दूसरे राज्यों से शराब की खेप पहुंचने के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। लेकिन इस मामले में जिस तरह फर्स्ट एसी कोच का इस्तेमाल किया गया, उसने तस्करी के तरीकों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब पुलिस की जांच का फोकस केवल गिरफ्तार युवती और युवक तक सीमित नहीं है। एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि क्या दोनों किसी बड़े शराब तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं और क्या पहले भी इसी रास्ते से शराब की खेप बिहार पहुंचाई जाती रही है।फिलहाल दोनों आरोपित जेल में हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और संभावित खरीदारों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा