होम देश प्रदेश मेट्रो में बच्चों और युवाओं से पीएम मोदी का संवाद, किताबों से...

मेट्रो में बच्चों और युवाओं से पीएम मोदी का संवाद, किताबों से लेकर काशी के विकास तक हुई बात

0
21

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एसआरसीसी के शताब्दी समारोह में शामिल होने के दौरान मेट्रो से सफर किया। शनिवार शाम कार्यक्रम में जाने और लौटने के दौरान उन्होंने आम सह-यात्रियों, स्कूली बच्चों और युवाओं से अनौपचारिक बातचीत की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान शिक्षक दिवस, जन्माष्टमी, किताबों और देश की प्रगति से लेकर अपने संसदीय क्षेत्र काशी में हुए विकास कार्यों तक पर यात्रियों से संवाद किया।

प्रधानमंत्री ने मेट्रो यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। उन्होंने इसे ‘मेट्रो मोमेंट्स’ बताते हुए लिखा कि यह एसआरसीसी की यात्रा के दौरान और वहां से लौटते समय हुई बातचीत के पल हैं।

बच्चों से पूछा- जन्माष्टमी मनाई कि नहीं?

मेट्रो में प्रधानमंत्री मोदी छोटे बच्चों से हाथ मिलाते और उनका हालचाल पूछते नजर आए। उन्होंने बच्चों के नाम और उनके गंतव्य के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा कि उन्होंने जन्माष्टमी मनाई या नहीं। बच्चों ने एक सुर में ‘हां’ में जवाब दिया।

प्रधानमंत्री ने कुछ बच्चों को अपने पास बैठाया। इसी दौरान एक बच्चे ने शिक्षक दिवस का जिक्र करते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया। बच्चे ने कहा कि आज हमारे बीच डॉ. राधाकृष्णन नहीं हैं, जिन्होंने अपने समय में विद्यार्थियों को प्रेरित किया, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी पूरे भारत को प्रेरित कर रहे हैं। बच्चे ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।

बच्चे ने सुनाया गुरु मंत्र का श्लोक

मेट्रो में एक अन्य बच्चे ने प्रधानमंत्री के सामने ‘गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः…’ श्लोक सुनाया। श्लोक सुनकर प्रधानमंत्री मुस्कुराए और बच्चे का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों के साथ सहज अंदाज में बातचीत की और उनके साथ मौजूद महिलाओं तथा परिवारों से भी संवाद किया।

एक छोटा बच्चा प्रधानमंत्री से हाथ मिलाने के लिए उनके पास पहुंचा और उसने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी जैसा बनना चाहता है। बच्चे की बात सुनकर प्रधानमंत्री मुस्कुराए और सहज अंदाज में उसकी बात का जवाब दिया। प्रधानमंत्री ने बच्चों के साथ मौजूद एक महिला के बच्चे के सिर पर हाथ रखकर स्नेह भी जताया।

छात्रों को दी जीवनियां पढ़ने की सलाह

युवाओं और छात्रों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी पढ़ाई और किताबों को लेकर भी सवाल किए। उन्होंने पूछा कि वे पाठ्यक्रम के अलावा क्या पढ़ते हैं और किस तरह की किताबों में रुचि रखते हैं। कुछ छात्रों ने बताया कि वे उपन्यास और अकादमिक किताबें पढ़ते हैं।

इस पर प्रधानमंत्री ने छात्रों को जीवनियां और आत्मकथाएं पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी, सिने कलाकार या वैज्ञानिक की जीवनी पढ़ी जा सकती है। प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद एक छात्र से पाठ्यक्रम से इतर ऐसी प्रेरक पुस्तकें पढ़ने का संकल्प भी लिया।

काशी के विकास पर यात्री से लिया फीडबैक

मेट्रो यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी यानी काशी में हुए बदलावों को लेकर भी एक महिला यात्री से बातचीत की। महिला ने बताया कि वह चंदौली से हैं और उनका मायका काशी में है। इस पर प्रधानमंत्री ने काशी को लेकर उनके अनुभव पूछे।

महिला ने कहा कि काशी में तेजी से विकास हुआ है। प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या काशी के लोग खुश हैं और वहां अच्छा काम हो रहा है। महिला ने सकारात्मक जवाब देते हुए काशी में हुए बदलावों की सराहना की।

मेट्रो का यह सफर प्रधानमंत्री मोदी के लिए एक सामान्य यात्रा से अलग रहा, जहां उन्होंने प्रोटोकॉल से इतर आम यात्रियों, बच्चों और युवाओं से सीधे संवाद किया। बातचीत में बच्चों की सहज जिज्ञासा से लेकर युवाओं की पढ़ाई और किताबों की पसंद तथा काशी के विकास तक कई मुद्दे सामने आए।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा