होम देश प्रदेश चिटकारा यूनिवर्सिटी में ‘भूत’ का खौफ, आधी रात मचा बवाल

चिटकारा यूनिवर्सिटी में ‘भूत’ का खौफ, आधी रात मचा बवाल

0
29

पटियाला में सैकड़ों छात्र सड़क पर उतरे, पुलिस से झड़प का आरोप; दो छात्राओं के लापता होने की बात को डीएसपी ने बताया अफवाह

पटियाला। पंजाब के राजपुरा स्थित चिटकारा यूनिवर्सिटी में शुक्रवार देर रात अफवाहों ने ऐसा माहौल बनाया कि सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए। हॉस्टल में कथित तौर पर किसी छात्रा की आत्महत्या और उसके बाद ‘भूत’ के छात्रों को परेशान करने की बात सोशल मीडिया पर फैलने के बाद कैंपस में हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और तोड़फोड़ की स्थिति पैदा हो गई।

मामला बढ़ने पर थाना बनूड़, थाना सदर राजपुरा और थाना सिटी राजपुरा से भारी पुलिस बल यूनिवर्सिटी पहुंचा। पुलिस ने छात्रों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि कुछ छात्रों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की और पुलिस की एक गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी।

पुलिस चौकी इंचार्ज से मारपीट का भी आरोप

हंगामे के दौरान केएसएम चौकी के इंचार्ज अजय कुमार के साथ भी कथित तौर पर मारपीट किए जाने की बात सामने आई। छात्रों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज ने शराब पी रखी थी। इसके बाद यूनिवर्सिटी की लैब में ही उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

वहीं, छात्रों के बीच यह चर्चा भी फैल गई कि हॉस्टल से दो छात्राएं लापता हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और छात्रों से बातचीत शुरू की।

डीएसपी बोले- दो छात्राओं के लापता होने की बात की जांच जारी

डीएसपी सुखदेव सिंह ने कहा कि छात्रों की ओर से दो लड़कियों के लापता होने की बात कही गई थी, लेकिन फिलहाल किसी छात्र को यह जानकारी नहीं है कि वे दोनों कौन हैं। किसी छात्रा का नाम या पहचान भी सामने नहीं आई है। उन्होंने प्रथम दृष्टया इसे अफवाह बताया और कहा कि पुलिस ने छात्रों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं।

डीएसपी के मुताबिक, एसएचओ गुरसेवक सिंह, डीएसपी बनूड़ और यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ पुलिस टीम ने छात्रों से बातचीत की है। प्रत्येक छात्र से जानकारी लेकर पूरे मामले का सत्यापन किया जाएगा। यदि कोई छात्रा वास्तव में लापता पाई जाती है तो उसकी भी पूरी जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

‘भूत’ की अफवाह पर प्रशासन ने क्या कहा?

छात्रों के बीच यह दावा फैल गया था कि कैंपस में पहले किसी लड़की ने आत्महत्या की थी और उसका कथित ‘भूत’ हॉस्टल के कमरों में छात्रों को परेशान कर रहा है। हालांकि, यूनिवर्सिटी के सुरक्षा कर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने ऐसी किसी आत्महत्या की घटना से इनकार किया।

प्रशासन का कहना है कि कुछ शरारती छात्र रात में दूसरे छात्रों के कमरों के दरवाजे खटखटाकर भाग रहे थे। इसी वजह से हॉस्टल में डर और अफवाह का माहौल बना। छात्रों ने हालांकि प्रशासन की इस दलील को स्वीकार नहीं किया और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

सीसीटीवी से होगी जांच, छात्रों को दिया भरोसा

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों को भरोसा दिया कि रात में कमरों के दरवाजे खटखटाने की घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज के जरिए बारीकी से जांच की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जो भी व्यक्ति इस तरह की हरकत में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और अपने-अपने हॉस्टल लौट गए। पुलिस के मुताबिक फिलहाल यूनिवर्सिटी परिसर में स्थिति शांतिपूर्ण है और छात्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है। अभिभावकों से भी अफवाहों पर भरोसा न करने और किसी भी जानकारी की पुष्टि पुलिस या यूनिवर्सिटी प्रशासन से करने की अपील की गई है।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर