लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरव, शौर्य, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को समर्पित गीत ‘खाकी का सितारा’ का शुभारंभ शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। गीत के माध्यम से वर्दी के पीछे मौजूद पुलिसकर्मियों के साहस, संघर्ष, संवेदना और जनसेवा के संकल्प को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
‘खाकी का सितारा’ को प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन ने अपनी आवाज और संगीत दिया है। महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी सशक्त आवाज से गीत को विशेष प्रभाव दिया है। प्रतिष्ठित कवि एवं फिल्म गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने गीत के बोल लिखे हैं। इसकी परिकल्पना और समग्र क्रिएटिव डायरेक्शन पुलिस महानिदेशक के जनसम्पर्क अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने किया है।अभिनेता करण आनन्द ने गीत में अभिनय के माध्यम से खाकी के शौर्य, संवेदना और समर्पण को पर्दे पर प्रस्तुत किया है। गीत का निर्देशन अमित सोनकर ने किया है। इसके DOP प्रवीण तालान, रूपाली तालान और आशीष रमेश पाण्डेय हैं।
पुलिस की नई छवि को सामने लाने का प्रयास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘खाकी का सितारा’ उत्तर प्रदेश पुलिस को नई पहचान देने का अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह गीत पिछले वर्षों में पुलिस द्वारा अर्जित उपलब्धियों के साथ विषम परिस्थितियों में लगातार अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों के शौर्य और समर्पण को अभिव्यक्त करता है।मुख्यमंत्री ने गीत से जुड़े शंकर महादेवन, आलोक श्रीवास्तव, करण आनन्द और पूरी रचनात्मक टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह गीत उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणा का माध्यम बनेगा।
‘यह सिर्फ उपलब्धियों का गीत नहीं’
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने कहा कि ‘खाकी का सितारा’ केवल पुलिस की उपलब्धियों का गीत नहीं है, बल्कि यह वर्दी के पीछे मौजूद इंसान की कहानी भी है। उन्होंने कहा कि गीत के माध्यम से उन हजारों पुलिसकर्मियों के साहस, अनुशासन, संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा को अभिव्यक्ति देने का प्रयास किया गया है, जो प्रतिदिन बिना किसी अपेक्षा के अपना दायित्व निभाते हैं।DGP ने फिल्म जगत से पुलिस की कहानियों के साथ-साथ बदलती और आधुनिक होती पुलिस की नई तस्वीर को भी समाज के सामने लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन चुपचाप अपना कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मी ही वास्तव में खाकी के सितारे हैं।
शंकर महादेवन ने प्रस्तुत की गीत की पंक्तियां
शंकर महादेवन ने ‘खाकी का सितारा’ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार को समर्पित किया। उन्होंने कार्यक्रम में गीत की पंक्तियां “सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा” तथा “हम डटे रहे, हम खड़े रहे, चट्टानों जैसे अड़े रहे” प्रस्तुत कीं।उन्होंने कहा कि संगीत के माध्यम से पुलिस की सेवा और संकल्प को स्वर देना उनके लिए विशेष अनुभव रहा।
साइबर अपराध पर भी जागरूकता फिल्म का प्रदर्शन
कार्यक्रम में साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई एक विशेष साइबर क्राइम जागरूकता फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। फिल्म में अभिनेता नाना पाटेकर ने अभिनय किया है, जबकि इसका निर्देशन राज शाण्डिल्य ने किया है।फिल्म के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
नाना पाटेकर ने कानून-व्यवस्था में बदलाव की सराहना की
नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े और विविधतापूर्ण प्रदेश में नागरिकों की सुरक्षा के लिए मजबूत पुलिस बल के साथ-साथ सुदृढ़ नेतृत्व, आधुनिक संसाधन, तकनीक, स्पष्ट नीति और दृढ़ इच्छाशक्ति भी जरूरी है।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में आया परिवर्तन स्पष्ट दिखाई देता है।
नाना पाटेकर ने कहा कि पुलिस जितनी आधुनिक होगी, नागरिक उतना सुरक्षित होगा और नागरिक जितना जागरूक होगा, अपराधियों के लिए उतना ही कठिन होगा। उन्होंने सामाजिक उद्देश्यों और जन-जागरूकता अभियानों के लिए फिल्म जगत की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
यह भी पढ़े : सुबह जल्दी उठना क्यों है फायदेमंद? आयुर्वेद से जानिए दिन की सही शुरुआत का राज









