सोशल मीडिया वीडियो पर पुलिस ने किया खुलासा
लखनऊ। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिसमें इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे की मौत होने का दावा किया गया। वीडियो और इससे जुड़ी खबर का संज्ञान लेते हुए ठाकुरगंज पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। पुलिस की जांच में बच्चे की बीमारी और इलाज से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान मोहम्मद असगर मेहंदी (करीब 2 वर्ष 6 माह) के रूप में हुई है। वह फुरकान का पुत्र था और लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र स्थित कजमैन का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चा पिछले कई दिनों से टाइफाइड से पीड़ित था और उसकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी।
हालत बिगड़ने पर क्लीनिक लेकर पहुंचे परिजन
बच्चे की तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन उसे उपचार के लिए ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की मकराना गली स्थित डॉ. जैगम अब्बास के क्लीनिक पर लेकर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, क्लीनिक पर उपचार के दौरान बच्चे की हालत बिगड़ गई।हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने बच्चे को आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर दूसरे स्थान पर उपचार के लिए गए। पुलिस के अनुसार, वहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
इंजेक्शन से मौत के दावे की जांच जारी
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बच्चे की मौत को इंजेक्शन लगाए जाने से जोड़कर दावा किया जा रहा था। पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय तक इस मामले में ठाकुरगंज थाने पर बच्चे के परिजनों की ओर से कोई तहरीर या लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
शिकायत मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, यदि बच्चे के परिजनों की ओर से मामले में कोई तहरीर या शिकायत प्राप्त होती है तो उसमें उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में किए गए दावे की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस की जांच के अनुसार बच्चे की तबीयत पहले से खराब थी और वह टाइफाइड से पीड़ित था।
यह भी पढ़े : यूपी में 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले, इंद्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर के नए मंडलायुक्त
यह भी पढ़े : राज्यसभा से एमएसएमई संशोधन विधेयक 2026 पास, भुगतान व्यवस्था होगी मजबूत
यह भी पढ़े : बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, भाजपा 19,324 वोटों से हारी
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू









