होम उप्र न्यूज़ बालिकाओं ने डीजीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी

बालिकाओं ने डीजीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी

0
16

रक्षाबंधन पर 20 बालिकाओं ने अपने हाथों से तैयार राखियों से मनाया पर्व

डीजीपी ने उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रोत्साहित

लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर आजपुलिस मुख्यालय, उत्तर प्रदेश में भावनात्मक एवं सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के जन भवन परिसर स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत 20 बालिकाओं ने राजीव कृष्ण, पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश सहित उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बालिकाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विशेष बात यह रही कि बालिकाओं द्वारा बांधी गई राखियां उनके द्वारा स्वयं अपने हाथों से तैयार की गई थीं। इस अवसर पर डीजीपी ने बालिकाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर उन्हें बहनों एवं बच्चों के साथ बैठकर राखी बंधवाने और इस पर्व की खुशियां उनके साथ साझा करने का अवसर मिला है। उन्होंने इसे अपने लिए अत्यंत विशेष, भावनात्मक एवं सुखद अनुभव बताया तथा कहा कि बालिकाओं का पुलिस मुख्यालय में आगमन हम सभी के लिए प्रसन्नता और सौभाग्य का विषय है।

डीजीपी ने इस विशेष अवसर के आयोजन के लिए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से पुलिस परिवार को बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व को आत्मीयता के साथ मनाने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने बालिकाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक बालिका के अपने सपने और लक्ष्य हैं। कोई पुलिस अधिकारी बनना चाहती है, कोई खिलाड़ी तो कोई शिक्षा अथवा अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का सपना देखती है। उन्होंने बालिकाओं से अपने सपनों को पूरे आत्मविश्वास, लगन और परिश्रम के साथ साकार करने का आह्वान किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि वे जीवन में अपने निर्धारित लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त करेंगी।

अंत में पुलिस महानिदेशक ने सभी बालिकाओं एवं उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुरक्षित, प्रसन्न एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में उपस्थित पुलिस महानिदेशक, साइबर अपराध,रेलवे,ईओडब्ल्यू,फायर सर्विसेज, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन, मानवाधिकार, पुलिस महानिरीक्षक कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, पुलिस महानिरीक्षक तथा पुलिस महानिदेशक के जीएसओ सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस एवं समाज के मध्य विश्वास, अपनत्व और संवेदनशीलता के संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला रहा।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्टल

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा