होम उप्र न्यूज़ गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि,...

गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, बोले- शहीदों की स्मृतियां संरक्षित करना हमारी जिम्मेदारी

0
29

अमीनाबाद के झंडेवाला पार्क में प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन, महापुरुषों के स्मारकों के लिए 500 करोड़ रुपये मंजूर होने की जानकारी दी

लखनऊ। अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के 91वें बलिदान दिवस पर रविवार को राजधानी लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमीनाबाद स्थित झंडेवाला पार्क पहुंचकर गुलाब सिंह लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 अगस्त 1935 को गुलाब सिंह लोधी ने महज 32 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश शासन को चुनौती देते हुए इसी पार्क में तिरंगा फहराया था। उस समय तिरंगा देश की आजादी और स्वाभिमान का प्रतीक था। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अंग्रेजी हुकूमत ने उनके इस साहस का जवाब गोली चलाकर दिया और गुलाब सिंह लोधी देश की स्वतंत्रता के लिए शहीद हो गए।

किसान परिवार में जन्मे थे गुलाब सिंह लोधी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी का बलिदान व्यर्थ नहीं गया। उनकी शहादत के करीब 12 वर्ष बाद भारत अंग्रेजी शासन से आजाद हुआ। उन्होंने कहा कि गुलाब सिंह लोधी का जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग का उदाहरण है।

सीएम ने बताया कि गुलाब सिंह लोधी का जन्म वर्ष 1903 में उन्नाव जिले के एक साधारण किसान परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनके मन में देश की स्वतंत्रता के लिए कुछ करने का जज्बा था। इसी भावना के साथ उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और बाद में लखनऊ आकर देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

सरकार ने कई संस्थानों को दिया शहीद का नाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्नाव जिले में पार्क, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों के योगदान को लोगों तक पहुंचाना और उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना है।

महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करना जिम्मेदारी

सीएम योगी ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी जैसे क्रांतिकारियों ने देश की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को सुरक्षित रखना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज और वर्तमान पीढ़ी की भी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर बलिदानियों के सम्मान में स्मारक निर्माण और उनके संरक्षण के कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी।

स्मारकों के लिए करीब 500 करोड़ रुपये मंजूर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में सामाजिक न्याय और देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों के सम्मान में करीब 500 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।

इस राशि से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास महाराज, महर्षि वाल्मीकि महाराज समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छाजन लगाने, पार्कों के नवनिर्माण और उनके संरक्षण से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों के प्रति सम्मान का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। सरकार का प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर DGP राजीव कृष्ण ने फहराया तिरंगा, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को कीर्ति चक्र मिलने को बताया गौरव

यह भी पढ़े : लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह से लगातार दूसरी बार दूर रहे राहुल गांधी, विपक्षी नेता भी नदारद

यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय

यह भी पढ़े : स्वतंत्रता दिवस पर Gen Z को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, फ्री ऑनलाइन कोचिंग और AI ट्रेनिंग का ऐलान

यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान