तारापीठ । सावन के सोमवार के दिन बिहार के लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति के बाद बंगाल से भी हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई है। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। सोमवार सुबह तारापीठ के एक होटल में लगी भीषण आग में छह लोगों की जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस समय होटल में आग लगी, वहां पर रुके गेस्ट सो रहे थे। कई का दम घुटने लगा।
पहली मंजिल पर लगी आग तेजी से फैली
आग सुबह करीब 5 बजे तारापीठ के मंदिर वाले इलाके में स्थित चार मंजिला होटल की पहली मंजिल पर लगी। घटना ‘बिदिशिनी’ होटल में हुई, जो एक तालाब के पास और तारापीठ पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही फायरफाइटर्स मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। हालांकि, उससे पहले तक आग तेजी से पूरे होटल में फैल गई, जिससे परिसर में घना धुआं भर गया और मेहमान अंदर ही फंस गए। दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घायलों को बचाया गया और इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।
दर्शन से पहले ही जलकर मौत
कहा जा रहा है कि बिंदिशिनी होटल तारापीठ मंदिर के पास है। यहां पर दर्शन करने वाले श्रद्धालु ही ज्यादातर इस होटल में रुकते हैं। जिन लोगों की आग में जलकर मौत हुई है, वे भी मंदिर में दर्शन करने आए थे। वे रात को यहां पहुंचे थे और आराम के लिए होटल में रुके थे। उन्हें सोमवार को मंदिर में दर्शन करने जाना था, लेकिन उससे पहले ही उनकी जलकर मौत हो गई।
शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग
होटल के अधिकारियों का दावा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। कोलकाता की रहने वाली एक महिला आग से बचकर बाहर निकलने में सफल रही। उसने होटल के अंदर मची अफरा-तफरी को याद करते हुए बताया कि अचानक पूरे होटल में धुआं भर गया। सांस लेना मुश्किल हो गया और बाहर निकलने का रास्ता ढूंढना भी काफी कठिन था। अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में कुछ श्रद्धालु भी थे, जो प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा करने के लिए तारापीठ आए थे।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









