यूपी कैडर के सुजीत पांडेय बने राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के निदेशक
लखनऊ । केंद्र सरकार ने देश के पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet-ACC) ने गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए हरियाणा कैडर के आलोक कुमार मित्तल को पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) का महानिदेशक (DG), आंध्र प्रदेश कैडर के अमित गर्ग को राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) का निदेशक तथा उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडेय को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) का निदेशक नियुक्त किया है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने सोमवार को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए। गृह मंत्रालय के प्रस्ताव पर नियुक्ति समिति की स्वीकृति के बाद इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।
आलोक कुमार मित्तल होंगे BPR&D के नए महानिदेशक
1993 बैच के हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी आलोक कुमार मित्तल, जो वर्तमान में अपने कैडर में कार्यरत हैं, उन्हें लेवल-16 वेतनमान में पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से 30 जून 2029 (सेवानिवृत्ति की तिथि) तक अथवा अगले आदेश तक रहेगा।BPR&D देश में पुलिस सुधार, आधुनिक तकनीक, अनुसंधान, प्रशिक्षण और पुलिसिंग से जुड़ी नीतियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली केंद्रीय संस्था है।
अमित गर्ग बने NCRB के नए प्रमुख
1993 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अमित गर्ग, जो अभी तक सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) के निदेशक थे, उन्हें राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) का निदेशक नियुक्त किया गया है।
केंद्र सरकार ने उनके कार्यकाल के लिए NCRB निदेशक के पद को व्यक्तिगत आधार पर अस्थायी रूप से महानिदेशक (DG) स्तर यानी लेवल-16 तक अपग्रेड किया है। उनका कार्यकाल 31 अक्टूबर 2027 तक अथवा अगले आदेश तक रहेगा। वे इस पद पर मध्य प्रदेश कैडर के 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी आलोक रंजन का स्थान लेंगे।NCRB देशभर में अपराध संबंधी आंकड़ों का संकलन, विश्लेषण, अपराध रिकॉर्ड प्रबंधन, सीसीटीएनएस और राष्ट्रीय स्तर की पुलिस सूचना प्रणालियों के संचालन की प्रमुख एजेंसी है।
यूपी कैडर के सुजीत पांडेय को मिली अहम जिम्मेदारी
1994 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडेय को देश की सबसे प्रतिष्ठित पुलिस प्रशिक्षण संस्था सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA), हैदराबाद का निदेशक नियुक्त किया गया है।वे अमित गर्ग का स्थान लेंगे और 31 जुलाई 2028 (सेवानिवृत्ति तक) या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।
SVPNPA भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के प्रशिक्षण की सर्वोच्च संस्था है, जहां देशभर के नए आईपीएस अधिकारियों को आधारभूत प्रशिक्षण के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। ऐसे में सुजीत पांडेय की नियुक्ति को पुलिस नेतृत्व और प्रशिक्षण व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
DoPT ने जारी किए आदेश
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तीनों अधिकारियों की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। इन नियुक्तियों के साथ केंद्र सरकार ने पुलिस अनुसंधान, अपराध रिकॉर्ड प्रबंधन और आईपीएस प्रशिक्षण जैसी तीन महत्वपूर्ण संस्थाओं में नए नेतृत्व की जिम्मेदारी तय कर दी है।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सुनार को गोली मारकर हुई 1.5 करोड़ की लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
