सहारनपुर/देहरादून। उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 521 ग्राम अवैध कैटामाइन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1.52 करोड़ बताई जा रही है, बरामद की गई है। इसके अलावा पुलिस ने एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) तथा पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ के निर्देशन में की गई।
उत्तराखंड के सेलाकुई से हुई गिरफ्तारी
एएनटीएफ की टीम ने 26 जुलाई 2026 को उत्तराखंड के देहरादून जनपद के सेलाकुई थाना क्षेत्र स्थित खैरी गांव के बर्तवाल आम के बगीचे के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
शुभम कुमार (33 वर्ष), निवासी जमनपुर, थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून (उत्तराखंड)
अंकित तिवारी (21 वर्ष), निवासी निगम रोड, सेलाकुई, देहरादून, मूल निवासी शाहाबाद देहात, जनपद हरदोई (उत्तर प्रदेश)के रूप में हुई है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे बरामद कैटामाइन एक अन्य व्यक्ति से लेकर आए थे। उन्हें निर्देश दिया गया था कि यह मादक पदार्थ एक निर्धारित व्यक्ति तक पहुंचाकर फोन पर बात करा दें।
आरोपियों ने यह भी बताया कि उनका कथित सप्लायर फार्मा कंपनी से चोरी-छिपे कैटामाइन, एडनोक (Adnoc) और अन्य नशीली दवाएं अवैध रूप से बाहर निकालता था, जिन्हें बाद में देहरादून और सहारनपुर क्षेत्र में उनके माध्यम से बेचा जाता था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
बरामदगी के आधार पर थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22C/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
बरामदगी
1 किलो 521 ग्राम अवैध कैटामाइन (अनुमानित कीमत ₹1.52 करोड़)
एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी
दो मोबाइल फोन
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा उजागर हुआ है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि अवैध दवाएं फार्मा कंपनियों से कैसे बाहर लाई जा रही थीं और उनका नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
यह भी पढ़े :फर्जी FASTag से करोड़ों के टोल राजस्व की चोरी का भंडाफोड़
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन
