बस पलटने से 17 से अधिक यात्री घायल
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार स्लीपर बस ने एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बस पलटने से उसमें सवार 17 से अधिक यात्री भी घायल हुए हैं।
यह हादसा एक्सप्रेसवे के 230.800 माइल स्टोन के पास देवखरी गांव के समीप सुबह करीब पांच बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर पंजीकरण संख्या वाली कार में कुल आठ लोग सवार थे। दुर्घटना में दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और कार चालक विनोद (45) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
तीन घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर किया गया रेफर
कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बस में सवार 85 यात्रियों में भी मची अफरा-तफरी
हादसे के समय स्लीपर बस में करीब 85 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 17 से अधिक यात्री घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य की हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।
राहत-बचाव में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त कार और पलटी बस को हटाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई बस में लगी आग; 7 की मौत, 22 घायल
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या
