लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में महिला से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे शातिर आरोपी का आखिरकार पुलिस ने पीछा खत्म कर दिया। निगोहां पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपी पर महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप है।
ड्यूटी से घर लौटते समय वह एक ऑटो में सवार हुई थी
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ड्यूटी से घर लौटते समय वह एक ऑटो में सवार हुई थी। रास्ते में अन्य सवारियों के उतर जाने के बाद ऑटो चालक और उसके साथी ने उसे बहाने से सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गईं। 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। कई दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी।
आरोपी पर पहले भी गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले भी गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर

