कैमरा, लेंस और लाखों का सामान लेकर फरार हुए बदमाश, पुलिस ने आरोपियों की पहचान की
लखनऊ। राजधानी में बदमाशों ने एक पेशेवर फोटोग्राफर को जन्मदिन समारोह की फोटोग्राफी का झांसा देकर सुनसान इलाके में बुलाया और फिर लाखों रुपये के महंगे कैमरे व उपकरण लूटकर फरार हो गए। यह वारदात इटौंजा थाना क्षेत्र में हुई, जिसने पेशेवर फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फोन कर एक बर्थडे पार्टी की फोटोग्राफी के लिए बुक किया था
जानकारी के अनुसार माल थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा निवासी अशोक यादव पेशे से फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर हैं। उन्हें कुछ अज्ञात लोगों ने फोन कर एक बर्थडे पार्टी की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए बुक किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार वह 1 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे नीलांश वाटर पार्क रोड के पास पहुंचे।पीड़ित के मुताबिक जैसे ही वह बताए गए स्थान पर पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को घेर लिया। बदमाशों ने उन्हें धमकाया और उनके पास मौजूद महंगे फोटोग्राफी उपकरण छीन लिए। लूटे गए सामान में करीब छह कैमरे, सात लेंस, दो गिम्बल और एक मोबाइल फोन शामिल है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही इटौंजा पुलिस सक्रिय हुई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों की पहचान कर ली गई है।पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
अज्ञात बुकिंग पर जाने से पहले आयोजकों की पूरी जानकारी रखे
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि किस तरह अपराधी अब ऑनलाइन और फोन कॉल के जरिए लोगों को फर्जी कार्यक्रमों का झांसा देकर निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों और फ्रीलांसरों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात बुकिंग पर जाने से पहले कार्यक्रम और आयोजकों की पूरी जानकारी अवश्य सत्यापित करें।
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर

