मथुरा। मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। हादसा राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 112-113 के बीच उस समय हुआ, जब लखनऊ से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के अनुसार, गोला बस सर्विस की वोल्वो बस करीब 65 यात्रियों को लेकर लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। सुबह करीब 3:41 बजे राया कट के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेलर में पीछे से घुस गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे में बस चालक उपदेश यादव (मैनपुरी), खुर्शीद (उन्नाव), मुबारिक (कासिमपुर) और हरिओम (अमेठी) की मौत हो गई। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस को हाइड्रा की मदद से हटाकर एक्सप्रेस-वे पर यातायात सामान्य कराया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय नियमित चालक की जगह कंडक्टर बस चला रहा था। वहीं पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की वजह से यह दुर्घटना हुई हो सकती है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या









