बीकेटी में 5 लाख रुपये की लूट का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में पांच लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश और लूटी गई रकम की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को थाना बक्शी का तालाब क्षेत्र में किसान पथ से पहले बीकेटी बाजार के आगे एक बड़ी लूट की घटना सामने आई थी। पीड़ित राकेश कुमार अग्रवाल अपनी गाड़ी से जा रहे थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने असलहा लहराते हुए फायरिंग की और बैग में रखे पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बीकेटी में मुकदमा संख्या 226/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए लगातार तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 15 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संसारपुर अंडरपास के नीचे से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सत्वन्त सिंह पटेल (38 वर्ष) निवासी प्रयागराज, विनय कुमार (30 वर्ष) निवासी प्रयागराज तथा रोहित कुमार यादव (45 वर्ष) निवासी प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। तीनों आरोपी प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी और बीकेटी-सीतापुर हाईवे पर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (UP70HQ7112), तीन मोबाइल फोन तथा एक पर्स बरामद किया गया है। पर्स में नकदी, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले हैं। हालांकि लूटी गई पांच लाख रुपये की पूरी रकम अभी बरामद नहीं हो सकी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर घटना में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। साथ ही लूट की रकम की बरामदगी के लिए भी पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
बीकेटी पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सरफराज खान, रामप्रभाव सिंह, बृजेंद्र कुमार, राजन सिंह तथा कांस्टेबल जावेद इस्लाम और सुरजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े : पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर
यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने




