बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार देर रात ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। भीषण गर्मी और बिजली कटौती से परेशान एक गरीब परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सोने चला गया, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह रात उनकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी। तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने सो रहे परिवार को कुचल दिया, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि मां जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

पिता चलाता था मैजिक वाहन

हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में रात करीब दो बजे हुआ। बताया जा रहा है कि नीरज नामक युवक किराए पर मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार रात परिवार ने खाना खाया और घर में सोने चला गया, लेकिन अचानक बिजली कट गई। उमस और गर्मी से परेशान होकर नीरज अपनी पत्नी आरती, बच्चों अनुराग, अंशु और बेटी अंशिका के साथ घर के बाहर सड़क किनारे सो गया।इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहा एक बेकाबू डंपर पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराया और फिर सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ गया।

हादसे में परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई

टक्कर इतनी भयावह थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े और मलबे के बीच दबे लोगों को बाहर निकाला।घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे में परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल आरती को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं एक ही परिवार के उजड़ जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव वालों की आंखें नम हैं और हर कोई यही कह रहा है कि अगर बिजली न गई होती, तो शायद पूरा परिवार आज जिंदा होता।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *