फतेहपुर । यूपी के फतेहपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा असोथर थाना क्षेत्र के रामनगर कौहन स्थित यमुना नदी पुल पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।जानकारी के अनुसार, असोथर थाना क्षेत्र के जरौली गांव निवासी शिवम सिंह (18), शनी निषाद (22) और बसंता (20) बाइक से बांदा जनपद के मर्का बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पुल पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि शिवम और शनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बसंता गंभीर रूप से घायल हो गया।

चुनहा कुआं के पास सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।हादसे के बाद शनिवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जरौली मार्ग स्थित चुनहा कुआं के पास सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और जिला प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि यमुना पुल पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है और सड़क भी जर्जर हालत में है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज के साथ थरियांव, राधानगर और गाजीपुर थाने की पुलिस तथा क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान चंद्र राय मौके पर मौजूद रहे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने जरौली-कौहन मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी।अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान चंद्र राय ने बताया कि परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया जा रहा है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *