बाराबंकी। अयोध्या-बाराबंकी सीमा पर बहने वाली कल्याणी नदी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। लखनऊ से परिवार के साथ दर्शन करने आया 17 वर्षीय किशोर नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम लगातार किशोर की तलाश में जुटी हुई है।
मंदिर के पास बह रही कल्याणी नदी में नहाने चला गया
यह हादसा रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित बाबा रामसनेहीदास मंदिर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक लखनऊ के गोमतीनगर स्थित कालिदास मार्ग निवासी विजय बहादुर रावत अपने परिवार के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए थे। इसी दौरान उनका 17 वर्षीय बेटा वरिष्ठ रावत परिवार के अन्य बच्चों के साथ मंदिर के पास बह रही कल्याणी नदी में नहाने चला गया।बताया जा रहा है कि नहाते समय वरिष्ठ नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह नदी में डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़ पड़े। कई लोगों ने नदी में छलांग लगाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक किशोर पानी में ओझल हो चुका था।
20 स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया
सूचना मिलते ही कोतवाल दयाशंकर दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल करीब 20 स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। संयुक्त रूप से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।दोपहर तक कई घंटे की तलाश के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंदिर परिसर और नदी किनारे भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए लोगों से नदी के गहरे पानी में न जाने की अपील की है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


