सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नानौता थाना क्षेत्र के चाहमंजिली मोहल्ले में एक युवक ने अपनी ही पांच महीने की गर्भवती भाभी की फावड़े से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक खून से सना फावड़ा हाथ में लेकर शव के पास खड़ा रहा और जो भी पास आने की कोशिश करता, उसे जान से मारने की धमकी देता रहा। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

सना की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी

मृतका की पहचान 24 वर्षीय सना नाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सना की शादी करीब पांच महीने पहले सलमान से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था और सना गर्भवती थी। लेकिन रविवार रात अचानक घर में ऐसा खूनी खेल हुआ जिसने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।परिजनों के मुताबिक आरोपी आमिर नशे की हालत में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसकी अपनी भाभी सना से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आमिर ने घर में रखा फावड़ा उठा लिया और सना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने महिला के सिर, पेट और छाती पर कई वार किए।

सना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया

हमले की भयावहता इतनी थी कि सना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।मृतका के पति सलमान ने बताया कि पत्नी की चीख सुनकर वह कमरे की ओर भागा, लेकिन आरोपी आमिर फावड़ा लहराते हुए दरवाजे पर खड़ा हो गया। उसने किसी को भी अंदर नहीं आने दिया। मोहल्ले के लोग भी मौके पर जुट गए, लेकिन खून से सना फावड़ा और आरोपी का आक्रामक रूप देखकर कोई हिम्मत नहीं जुटा सका।

सिलेंडर खोल दिया और खुद को आग लगाने की धमकी देने लगा

हद तो तब हो गई जब आरोपी ने घर में रखा गैस सिलेंडर खोल दिया और खुद को आग लगाने की धमकी देने लगा। वह लगातार चिल्लाता रहा कि अगर कोई पास आया तो सबको जिंदा जला देगा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम भी काफी देर तक घर में दाखिल नहीं हो सकी।करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद स्थानीय निवासी और पूर्व चेयरमैन अफजाल खान के भाई निसार खान ने साहस दिखाया। उन्होंने मौके का फायदा उठाकर आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान निसार खान के हाथ में भी फावड़ा लगने से चोट आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आमिर को हिरासत में ले लिया।

घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। फोरेंसिक टीम ने घर से खून से सना फावड़ा, फर्श के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।सीओ अशोक सिसोदिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद और नशे की हालत में हत्या की बात सामने आ रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *