उरई। जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे परिवार को मातम में बदल दिया। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर जोल्हुपुर मोड़ के पास हुई इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कार में कुल 10 लोग सवार थे

मिली जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे उनकी टवेरा कार कालपी क्षेत्र में पहुंची ही थी कि चालक को झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से जा भिड़ा।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। कार में कुल 10 लोग सवार थे, जो सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ लोग करीब एक घंटे तक कार में फंसे रहे, जिन्हें कड़ी मेहनत के बाद बाहर निकाला गया।घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार की हालत नाजुक बनी हुई है। इस दौरान मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं की भी तस्वीर सामने आई, जहां एंबुलेंस पहुंचने के बाद मरीजों को उतारने के लिए वार्ड बॉय तक मौजूद नहीं थे, जिससे घायलों को कुछ देर तक एंबुलेंस में ही तड़पना पड़ा।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *