अबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अकबरपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज चार बच्चों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आमिर को सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। यह एनकाउंटर बाईपास के पास हुआ, जहां घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ के दौरान मरैला चौकी प्रभारी राजेश यादव और एसओजी में तैनात सिपाही जाकिर हुसैन भी घायल हो गए। दोनों के हाथ में गोली लगी है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

क्या था पूरा मामला?

यह दिल दहला देने वाली घटना शनिवार दोपहर की है, जब मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में सऊदी अरब में काम करने वाले नियाज के चार मासूम बच्चों—शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान उर्फ सादिया (8)—की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। बच्चों के सिर पर भारी वस्तु से ताबड़तोड़ वार किए गए थे, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

जांच में आया बड़ा मोड़

घटना के बाद बच्चों की मां गासिया खातून लापता हो गई थीं, जिससे शुरुआती शक उन्हीं पर गया। लेकिन रविवार शाम को उनका शव घर से कुछ दूरी पर नाले में मिला, जिसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई।पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और नए सिरे से जांच शुरू की। इसके बाद मुख्य संदिग्ध आमिर की तलाश तेज कर दी गई, जिसका अंत सोमवार सुबह मुठभेड़ में हुआ।

कई सवाल अब भी बाकी

हालांकि आरोपी के मारे जाने के बाद भी कई सवाल बाकी हैं—हत्या के पीछे असली मकसद क्या था? क्या इसमें और लोग शामिल थे? मां की मौत हत्या थी या आत्महत्या?प्राची सिंह के अनुसार, महिला के शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में भय व आक्रोश का माहौल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *