लखनऊ । यूपी के शाहजहांपुर में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब प्रेमी की बेवफाई से आहत एक महिला करीब 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
महिला ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी
चौंकाने वाली बात यह रही कि टावर पर चढ़ने के बाद महिला ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस किसी तरह महिला को सुरक्षित नीचे उतार सकी।बताया जा रहा है कि महिला का मोहल्ले के ही चार बच्चों के पिता से पिछले ढाई साल से प्रेम संबंध था। महिला के भी दो बच्चे हैं।
महिला ने इसके पहले दुष्कर्म का दर्ज कराया था मुकदमा
आरोप है कि प्रेमी ने साथ रखने और शादी का भरोसा दिया था, लेकिन अब उसने किनारा कर लिया। इससे पहले महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कराया था, हालांकि बाद में समझौता हो गया था।मंगलवार को जब प्रेमी ने दोबारा साथ रखने से इनकार किया तो महिला बेकाबू हो गई और सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी। फिलहाल पुलिस महिला और आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।