कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई। यह हादसा हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के नौबस्ता एलिवेटेड फ्लाईओवर पर शनिवार को हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने खड़े डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार कालपी क्षेत्र के रहने वाले कमलकांत (27) और दीपक (25) मौरंग लोड कर उन्नाव जा रहे थे। जैसे ही उनका डंपर नौबस्ता फ्लाईओवर पर पहुंचा, वहां पहले से एक खराब डंपर सड़क किनारे खड़ा था। अचानक सामने आए इस डंपर से बचने का मौका नहीं मिला और उनका वाहन तेज रफ्तार में पीछे से जा टकराया।
टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए परखच्चे
हादसा इतना जबरदस्त था कि डंपर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों भाई उसी में फंस गए। टक्कर के बाद फ्लाईओवर पर मौरंग फैल गई, जिससे यातायात भी बाधित हो गया।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दोनों भाइयों को बाहर निकालने के लिए दो क्रेनों की मदद ली गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मचा कोहराम
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।दोनों सगे भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक ही घर के दो युवकों की अचानक मौत से गांव में शोक की लहर है।
