लखनऊ । राजधानी के मोहनलालगंज क्षेत्र में 31 मार्च को हुए सड़क हादसे में घायल 12 वर्षीय अर्पित चौरसिया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।उत्तरगांव निवासी अर्पित अपने साथी के साथ बाइक से अंबलिका कॉलेज के पास जा रहा था, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (UP 32 JW 4851) ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया था
हादसे में अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे पहले सीएचसी और फिर किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां 30 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।मामले में मृतक की मां पुष्पा देवी की तहरीर पर थाना मोहनलालगंज में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया था, जबकि आरोपी चालक प्रांशू राजपूत को न्यायालय से जमानत मिल चुकी थी।
ग्रामीणों ने मौरावा-मोहनलालगंज मार्ग पर शव रखकर लगाया जाम
पोस्टमॉर्टम के बाद जब परिजन शव लेकर लौटे तो गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मौरावा-मोहनलालगंज मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम खुलवाया।एसीपी विकास कुमार पांडे ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और मृत्यु के बाद सुसंगत धाराएं बढ़ा दी गई हैं। फिलहाल स्थिति सामान्य है और यातायात सुचारु रूप से चल रहा है।
