नई दिल्ली। नई दिल्ली की राजधानी में एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया है। विवेक विहार इलाके में स्थित एक चार मंजिला इमारत में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य झुलस गए।जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर बने फ्लैटों में तेजी से फैल गई, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए।
दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और बचाव टीमों ने मिलकर इमारत में फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया। अब तक करीब 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिनमें से कुछ को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हादसे में 9 लोगों की जान चली गई है। आग इतनी भीषण थी कि कई शव बुरी तरह झुलस गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
अलग-अलग मंजिलों से शव बरामद किए गए
स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा के अनुसार, अलग-अलग मंजिलों से शव बरामद किए गए हैं और उनकी पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।घटनास्थल पर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें भी मौजूद हैं। फिलहाल राहत और तलाशी अभियान जारी है। आग लगने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रहा है।
