लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन की साइबर सेल टीम ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के तहत टीम ने अलग-अलग जनपदों और राज्यों में खोए मोबाइल फोन को ट्रेस कर कुल 54 मोबाइल बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान का उद्देश्य आम जनता के खोए हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से खोजकर वापस दिलाना है।
अन्य राज्यों से भी बरामद किये गए खोये मोबाइल
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनन्द के कुशल पर्यवेक्षण और अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली बसंथ कुमार के निर्देशन में साइबर सेल टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की। जांच के दौरान इन मोबाइलों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी मिली।इसके बाद दक्षिणी जोन के सभी थानों की साइबर टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर इन मोबाइलों को बरामद किया गया। कई मामलों में मोबाइल फोन दूसरे लोगों के पास इस्तेमाल होते हुए मिले, जिन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त किया गया।
मोबाइल स्वामियों को पुलिस मुख्यालय बुलाकर उनके फोन सुपुर्द किए गए
बरामदगी के बाद सभी मोबाइल स्वामियों को पुलिस कार्यालय में बुलाकर उनके फोन सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल पाएगा।इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने बताया कि CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ट्रैकिंग और रिकवरी की प्रक्रिया अब पहले से अधिक प्रभावी हो गई है, जिससे चोरी या गुम हुए मोबाइल को ढूंढना आसान हुआ है।
फोन खो जाए तो तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन खो जाए तो तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई ने न सिर्फ लोगों का भरोसा बढ़ाया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि तकनीक के सहारे अपराध नियंत्रण और जनसेवा को और बेहतर बनाया जा सकता है।
