मेरठ । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीजीएचएस की अतिरिक्त निदेशक डॉ. नताशा वर्मा और उनके निजी सहायक को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है।सीबीआई के अनुसार, एक कर्मचारी के ट्रांसफर को मुरादाबाद से मेरठ कराने के लिए डॉ. नताशा वर्मा ने 80,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर एजेंसी ने जाल बिछाया और 50,000 रुपये की घूस लेते हुए दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
ऐसे हुई कार्रवाई, आवास पर छापेमारी
सीबीआई टीम ने पहले मेरठ के सूरजकुंड स्थित सीजीएचएस कार्यालय में जांच की। इसके बाद टीम गंगानगर क्षेत्र में स्थित आवास पर पहुंची, जहां देर रात तक दस्तावेजों की जांच की गई।सीबीआई टीम ने गंगानगर के पी-ब्लॉक स्थित आवास पर छापा मारकर महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले। बताया जा रहा है कि कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई, जिससे आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।देर रात जांच पूरी होने के बाद सीबीआई टीम डॉ. नताशा वर्मा और उनके सहयोगी को अपने साथ गाजियाबाद ले गई, जहां आगे की पूछताछ की जा रही है।
क्या है CGHS?
सीजीएचएस (Central Government Health Scheme) केंद्र सरकार के कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके आश्रितों को सस्ती और कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है।
