लखनऊ । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ थाना सहारनपुर को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर अफीम की तस्करी करने वाले एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी की उम्र करीब 66 वर्ष बताई जा रही
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध, लखनऊ के मार्गदर्शन तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन में की गई। एएनटीएफ सहारनपुर की टीम ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे स्थित प्रतापगढ़ मोड़ के पास छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुलेमान मियां पुत्र स्वर्गीय याकुब मियां निवासी ग्राम शिवला, जिला लातेहार, झारखंड के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 66 वर्ष बताई जा रही है। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 किलो 20 ग्राम अवैध अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पंजाब और चंडीगढ़ जैसे राज्यों में जाकर इसकी सप्लाई करता था
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना थानेसर सदर, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/61/85 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसका बेटा झारखंड में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का काम करता है और वही उसे अफीम उपलब्ध कराता था। इसके बाद वह पंजाब और चंडीगढ़ जैसे राज्यों में जाकर इसकी सप्लाई करता था। आरोपी ने बताया कि इस धंधे से उसे अच्छा मुनाफा होता था।
एएनटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई
एएनटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा किन राज्यों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। माना जा रहा है कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।