होमउप्र न्यूज़सोनभद्र में बड़ा सड़क हादसा, बारातियों से भरा पिकअप पलटा, तीन की...

सोनभद्र में बड़ा सड़क हादसा, बारातियों से भरा पिकअप पलटा, तीन की मौत, 13 घायल

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरे पिकअप वाहन के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के मड़िहान तहसील क्षेत्र स्थित चंदरी बांध गांव निवासी शिव कुमार के पुत्र की बारात सोनभद्र के रामपुर चेनारी गांव जा रही थी।

पिकअप सड़क किनारे पलट गया

बारातियों से भरा पिकअप वाहन जब रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के कठार गांव के पास पहुंचा, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गया।हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर रामपुर बरकोनिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा भेजा गया।

तीनों मृतक मिर्जापुर जिले के मड़िहान क्षेत्र के निवासी थे

अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने बताया कि हादसे में 18 वर्षीय अजय गोड़, 20 वर्षीय राजन गोड़ और 35 वर्षीय विनोद गोड़ की मौत हो गई। तीनों मृतक मिर्जापुर जिले के मड़िहान क्षेत्र के निवासी थे।डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया। वहीं दो घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments