लखनऊ । राजधानी के थाना विकासनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बाल अपचारियों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी की तीन एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस द्वारा 15 अप्रैल को विकासनगर क्षेत्र में पावर हाउस के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो चोरी की स्कूटी बरामद हुईं, जबकि तीसरी स्कूटी उनकी निशानदेही पर पावर हाउस के पास बने शौचालय के सामने से बरामद की गई।
तीनों स्कूटी विकासनगर क्षेत्र से चोरी
पूछताछ में बाल अपचारियों ने बताया कि उन्होंने विकासनगर क्षेत्र में घरों के बाहर खड़ी स्कूटी को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। बरामद स्कूटियों में—UP32HY7508 एक्टिवा, UP32DJ6495 एक्टिवा, UP32FZ4563 एक्टिवा शामिल हैं, जो थाना विकासनगर में दर्ज अलग-अलग मुकदमों से संबंधित पाई गईं।पुलिस जांच में सामने आया कि बाल अपचारी घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी को आसानी से निशाना बनाते थे और मौका पाकर उन्हें चोरी कर लेते थे।
कोर्ट में पेश कर भेजा गया रिमांड पर
तीनों बाल अपचारियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।विकासनगर पुलिस की सतर्कता से स्कूटी चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस अन्य संभावित घटनाओं और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
चेन स्नैचिंग का खुलासा, दो बाल अपचारी पकड़े गए
राजधानी के थाना गोमतीनगर पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का त्वरित अनावरण करते हुए दो बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटी गई चेन के टुकड़े भी बरामद किए हैं। मामला 14 अप्रैल का है, जब गोमतीनगर निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनेश्वर मिश्रा पार्क गेट नंबर-2 के पास बाइक सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन छीन ली।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
15 अप्रैल को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर रेलवे ओवरक्रॉसिंग से जनेश्वर मिश्रा पार्क जाने वाले मार्ग के पास छापेमारी की गई।इस दौरान पुलिस ने दो बाल अपचारियों को पकड़ लिया।पूछताछ के दौरान दोनों बाल अपचारियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर महिला से चेन छीनी थी।उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक और लूटी गई सोने की चेन के दो टुकड़े बरामद किए गए।पुलिस के अनुसार इस घटना में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर तलाश जारी है।
