लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। फरधान थाना क्षेत्र के लखनापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने फरधान थाना पुलिस को कई बार फोन किया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फरधान थाना पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन आरोप है कि समय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। न तो कॉल रिसीव किया गया और न ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। बाद में नीमगांव थाना क्षेत्र की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने घायलों की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेज दिया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर
घायलों में कार चालक भानु प्रताप उर्फ शालू सिंह निवासी बेहजम और गुंजन दीक्षित निवासी मितौली शामिल हैं।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहित शुक्ला (28), श्रीकृष्ण शुक्ला, अनुज कुमार और आदर्श कुमार के रूप में हुई है। सभी मृतक बरात से लौटकर अपने गांव जा रहे थे, तभी लखनापुर चौराहे के पास यह हादसा हो गया।इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है, वहीं पुलिस की देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
