लखनऊ। राजधानी के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन के बेसमेंट में बड़ा हादसा हो गया। एनटीपीसी भवन के सामने आईजीपी रोड स्थित साइट पर खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी और निर्माण सामग्री धंसने से दो मजदूर दब गए।

एक मजदूर ने अस्पताल में तोड़ा दम

घटना की सूचना सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी विभूतिखंड और समिट चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस और एसडीआरएफ टीम को भी तत्काल बुलाया गया।संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम ने बेसमेंट में दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा।

रेस्क्यू ऑपरेशन से एक मजदूर की जान बच गई

अस्पताल में इलाज के दौरान लक्ष्मी शंकर अवस्थी (लगभग 36 वर्ष), निवासी बाराबंकी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे मजदूर तुलसीराम, निवासी बाराबंकी को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।यह हादसा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की ओर इशारा करता है। समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन से एक मजदूर की जान बच गई, लेकिन एक मजदूर की मौत ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *