वाराणसी। वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित नेहिया गांव में आंबेडकर और केशरिया झंडा उतारने को लेकर दो गुटों के बीच तनाव शुक्रवार को फिर भड़क उठा। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए।घटना में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के सिर में चोट लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दो पुलिसकर्मी भी पथराव में घायल
वहीं एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी पथराव में घायल हुए हैं। हालात बिगड़ने के बाद क्षेत्र में पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।सूचना पर डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एसडीएम पिंडरा, तहसीलदार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भैरव बटुक धाम गेट पर आंबेडकर झंडा लगाया गया था
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के दौरान भैरव बटुक धाम गेट पर आंबेडकर झंडा लगाया गया था, जिसे बाद में कुछ अराजकतत्वों द्वारा फाड़कर जला दिए जाने का आरोप है। इसके बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके जवाब में हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए थे। तभी से इलाके में तनाव बना हुआ था, जो शुक्रवार को फिर हिंसक झड़प में बदल गया।
