लखनऊ । योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर शाम उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर प्रदेश के कई अहम मुद्दों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में होमगार्ड भर्ती परीक्षा, कानून-व्यवस्था, स्मार्ट मीटर विवाद और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा पर फोकस

मुख्यमंत्री ने 25, 26 और 27 अप्रैल को होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा पहली बार पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से हो रही है, इसलिए इसकी पारदर्शिता और गोपनीयता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।प्रदेश के 74 जिलों में 41,424 पदों के लिए परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। सीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

गर्मी को देखते हुए खास इंतजाम

भीषण गर्मी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, छाया और मेडिकल सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि परीक्षार्थियों को धूप में अनावश्यक इंतजार न कराया जाए और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखी जाए।

कानून-व्यवस्था पर सख्ती

सीएम ने चेतावनी दी कि कुछ जगहों पर जातीय तनाव भड़काने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी किसी भी साजिश को पहले ही रोक दिया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।साथ ही 30 अप्रैल से 2 मई के बीच औद्योगिक अशांति फैलाने की आशंका को देखते हुए भी सतर्क रहने को कहा गया।

स्मार्ट मीटर विवाद पर बनेगी रिपोर्ट

स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर उठ रही शिकायतों के समाधान के लिए विशेषज्ञ समिति बनाई गई है। जब तक रिपोर्ट नहीं आती, तब तक जिलों में विशेष शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पेट्रोलियम सप्लाई पर भी नजर

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से पेट्रोलियम कंपनियों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करें और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाएं, खासकर नेपाल सीमा से सटे जिलों में।

संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा जांच

गर्मी के मौसम को देखते हुए सीएम ने बारूद गोदामों और आतिशबाजी फैक्ट्रियों का विशेष निरीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *