फतेहपुर ।यूपी के फतेहपुर जिले में एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जहां मंगेतर के साथ घूमने निकली युवती को तीन युवकों ने कथित तौर पर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया।जानकारी के अनुसार, थरियांव क्षेत्र के एक युवक की शादी खागा कोतवाली क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। युवक 24 अप्रैल को खागा बाजार गया था और उसने अपनी मंगेतर को वहां बुलाया। दोनों साथ में समय बिताने के बाद युवती को उसकी मौसी के घर छोड़ने जा रहे थे।
डरा-धमकाकर पास के जंगल में ले जाकर बंधक बना लिया
इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे कुटीपर नहर पुलिया के पास दोनों रुके हुए थे, तभी एक युवक वहां पहुंचा और थोड़ी देर में अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने युवक-युवती को डरा-धमकाकर पास के जंगल में ले जाकर बंधक बना लिया।पीड़ित युवक के अनुसार, आरोपियों ने दोनों की जबरन अश्लील फोटो और वीडियो बनाए। युवती के साथ छेड़छाड़ की गई और किसी को बताने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। आरोप है कि तीनों में से एक युवक युवती को जंगल में अलग ले गया, जहां करीब तीन घंटे तक उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। इस दौरान वीडियो भी बनाया गया।
घटना के बाद पीड़ित दहशत में रहे
इसके अलावा आरोपियों ने युवक के मोबाइल से यूपीआई के माध्यम से ‘ललित’ नामक व्यक्ति के खाते में 2500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। करीब दोपहर 1:30 बजे दोनों को धमकी देकर छोड़ दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित दहशत में रहे। उसी रात 1076 पर शिकायत दर्ज कराई गई। अगले दिन दोनों खागा कोतवाली पहुंचे, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उन्हें पूरे दिन बैठाए रखा और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके बाद रविवार को दोनों एसपी कैंप कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।
क्षेत्राधिकारी ने जांच के दिये आदेश
मामले में क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप ने बताया कि घटना संज्ञान में है और जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं खागा कोतवाल आरके पटेल के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने का प्रतीत हो रहा है, जबकि दुष्कर्म के आरोप की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
