मऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ में बीती रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम का वाहन काे तेज रफ्तार ट्रेलर ने गोरखपुर–मऊ हाईवे पर थाना घोसी क्षेत्र के बनियापार के पास टक्कर मार दी। इस हादसे में पुलिस वाहन में सवार उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रितम कुमार यादव, हेड कांस्टेबल चालक पवन कुमार यादव और पीआरडी जवान ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी घोसी ले जाया गया, जहां हेड कांस्टेबल चालक पवन कुमार यादव काे मृत घाेषित कर दिया गया।
घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान ईसीजी जांच के बाद हेड कांस्टेबल चालक पवन कुमार यादव को रात करीब दो बजे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का पंचायतनामा भरकर परिजनों को सूचना दे दी है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मऊ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति
अधिकारियों ने दिवंगत हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे में सेकेंड मोबाइल सरकारी वाहन (UP54G0186) भी क्षतिग्रस्त हाे गया है।
औरैया में पुलिस जीप को टैंकर ने मारी टक्कर, पीआरडी जवान गंभीर घायल
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कस्बे में गढ़िया ओवरब्रिज के पास हाईवे पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। रात्रि करीब 12:55 बजे एक तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे खड़ी पुलिस की थर्ड मोबाइल जीप में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान सर्वेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, पुलिस की थर्ड मोबाइल जीप गढ़िया ओवरब्रिज से पहले हाईवे किनारे खड़ी थी। उसी दौरान ग्राम भदसान निवासी पीआरडी जवान सर्वेश कुमार एक पुलिसकर्मी के साथ जीप के पास खड़े थे। तभी औरैया से इटावा की ओर जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सीधे जीप में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि सर्वेश कुमार इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया
घटना के तुरंत बाद टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग कर रही मोबाइल वैन मौके पर पहुंची और घायल जवान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, टैंकर चालक नशे की हालत में था, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
