संभल । संभल के चंदौसी इलाके में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब खुशी के माहौल में अचानक विवाद भड़क उठा। बिसौली गेट स्थित एक धर्मशाला में रविवार देर रात दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बारातियों को समय पर भोजन न मिलने से नाराजगी बढ़ी
बताया जा रहा है कि यह शादी प्रेम प्रसंग के चलते तय हुई थी और पहले से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। आरोप है कि बारातियों को समय पर भोजन न मिलने से नाराजगी बढ़ी, जबकि लड़की पक्ष ने उल्टा दूल्हा पक्ष पर नकद रुपये की मांग करने का आरोप लगाया।
आमने-सामने आ गए और जमकर हाथापाई हुई
इसी तनातनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया।देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर हाथापाई हुई, जिसमें कई लोग चोटिल हो गए। शादी का मंडप कुछ ही देर में रणभूमि जैसा नजारा बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में कर सभी को थाने ले गई।
छह लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में केस दर्ज
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में केस दर्ज किया है।एक तरफ जहां शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहीं इस विवाद ने रिश्तों में खटास और समारोह में कड़वाहट घोल दी।
