डीजीपी ने सेवानिवृत्ति पुलिस अधिकारियों को भेंट किया मोमेन्टों

लखनऊ । अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन भागीरथ पी जोगदण्ड, पुलिस अधीक्षक कानून-व्यवस्था, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक बृजेश सिंह , पुलिस उपाधीक्षक, सुरक्षा, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक कैलाश चन्द्र पाण्डेय के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति हुए। पुलिस महानिदेशक विजय कुमार द्वारा पुलिस मुख्यालय में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों को मोमेन्टो भेंट किया गया तथा सेवा काल के दौरान किये गये कार्यों की सराहना करते हुए उनके एवं उनके परिवार के सुख, समृद्धि एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गयी। इस अवसर पर आशीष गुप्ता पुलिस महानिदेशक नियम एवं ग्रन्थ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपने तैनाती के समय के संस्मरण साझा किये गये।
दो पुलिस अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह
भागीरथ पी जोगदण्ड अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन का जन्म 28 अक्टूबर 1963 को जनपद लातूर, महराष्ट्र में हुआ था। वर्ष 1992 में ‘भारतीय पुलिस सेवा’ में चयनित हुये। प्रशिक्षणोपरान्त आप सहायक पुलिस अधीक्षक पीलीभीत, पुलिस अधीक्षक ‘नगर’ देहरादून, पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल, चित्रकूट, कानपुर देहात, मऊ, बाराबंकी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, झांसी, लखनऊ, पीएचक्यू इलाहाबाद, पीटीएस गोरखपुर, ईओडब्ल्यू वाराणसी, सर्तकता अधिष्ठान लखनऊ एवं सेनानायक, 42वीं वाहिनी पीएसी के पदों पर नियुक्त रहे। वर्ष 2007 में ‘पुलिस उप महानिरीक्षक’ के पद पर प्रोन्नत होकर पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लखनऊ, कानपुर नगर, मुरादाबाद, उप महानिरीक्षक इलाहाबाद परिक्षेत्र, सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ, रेलवे मुख्यालय लखनऊ, पीएसी सेक्टर लखनऊ, टेलीकाम लखनऊ के पदों पर नियुक्त रहे।

प्रदेश में इन पदों पर रहे काबिज
वर्ष 2010 में ‘पुलिस महानिरीक्षक‘ के पद पर प्रोन्नत होकर पुलिस महानिरीक्षक इलाहाबाद परिक्षेत्र, सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ, तकनीकी सेवायें लखनऊ, पीएसी मध्य जोन लखनऊ, पुलिस महानिदेशक के सहायक, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक, उप्र के पदों पर नियुक्त रहे। वर्ष 2016 में ‘अपर पुलिस महानिदेशक‘ के पद पर प्रोन्नत होकर अपर पुलिस महानिदेशक, कार्मिक, पीएचक्यू इलाहाबाद, पीएचक्यू लखनऊ, पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के पदों पर नियुक्त रहे। वर्तमान में अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के पद पर नियुक्त रहे।
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का मिल चुका है पुलिस पदक
वर्ष 2001-2002 में यूएन मेडल,गणतन्त्र दिवस 2010 के अवसर पर दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक 5 सितंबर 2012 को कठिन सेवा पदक 19 जून 2014 को पराक्रम पदक, स्वतन्त्रता दिवस 2015 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक यूपी का प्रशंसा चिन्ह सिल्वर, गणतन्त्र दिवस 2016 के अवसर विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक, गणतन्त्र दिवस 2018 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 का प्रशंसा चिन्ह गोल्ड एवं गणतन्त्र दिवस 2019 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह प्लेटिनम से सम्मानित किया गया है।
ब्रजेश कुमार सिंह यूपी के बलिया के रहने वाले
ब्रजेश सिंह पुलिस अधीक्षक का जन्म 9 अक्टूबर 1963 को जनपद बलिया में हुआ था। वर्ष 1997 में ‘प्रान्तीय पुलिस सेवा’ में चयनित हुये। वर्ष 2019 में ’पुलिस अधीक्षक’ के पद पर प्रोन्नत होकर पुलिस अधीक्षक, जनपद संतकबीरनगर, यूपी-112 लखनऊ, अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ के पदां पर नियुक्त रहे। वर्तमान में पुलिस अधीक्षक, कानून एवं व्यवस्था उ0प्र0 लखनऊ के पद पर नियुक्त रहे। स्वतंत्रता दिवस 2019 के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।

कैलाश चंद्र पाण्डेय मूल रूप से उत्तराखण्ड में हुआ था जन्म
कैलाश चन्द्र पाण्डेय पुलिस उपाधीक्षक का जन्म 20 अक्टूबर 1963 को जनपद अल्मोड़ा (उत्तराखण्ड) में हुआ था। वर्ष 1982 में आरक्षी(पीएसी) के पद पर जनपद गोण्ड़ा में नियुक्त हुये। वर्ष 2002 में प्लाटून कमाण्डर वर्ष 2008 में कम्पनी कमाण्डर के पद पर नियक्त रहे। वर्ष 2019 में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर प्रोन्नत होकर पुलिस उपाधीक्षक जनपद मथुरा, सहायक सेनानायक, 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद में नियुक्त रहे। 5 नंवबर 2022 से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक में पुलिस उपाधीक्षक सुरक्षा के पद पर नियुक्त रहे।




