एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में घर लौट रहे मजदूर परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर ओवरब्रिज के पास तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग कई फीट दूर जा गिरे
जानकारी के अनुसार, गिहार समाज से जुड़े यह लोग बाहर काम कर वापस अपने घर लौट रहे थे। लोडर वाहन से उतारे जाने के बाद सभी लोग सिर पर घरेलू सामान और अनाज की बोरियां लेकर हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान कानपुर की ओर से आ रही कार ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग कई फीट दूर जा गिरे।
हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया
हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर बिखरा चावल, टूटे शीशे और बिखरे जूते-चप्पल हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे। घायल को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
स्कॉर्पियो और उसके चालक को हिरासत में ले लिया
सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे पर नाकेबंदी कर फरार वाहन की तलाश शुरू की। बाद में कानपुर क्षेत्र से स्कॉर्पियो और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस लोडर चालक की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में गलत स्थान पर यात्रियों को उतारना और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
यह भी पढ़े : 2027 में बिना गठबंधन मैदान में उतरेगी बसपा, मायावती का ऐलान-अपने दम पर बनेगी सरकार
