होम उप्र न्यूज़ झोपड़ी में लगी आग से 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई

झोपड़ी में लगी आग से 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई

0
62

सोनभद्र । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के कचनरवा में रविवार देर शाम ठंड से बचने के लिए जलाया गया अलाव भयावह हादसे में बदल गया। झोपड़ी में आग फैलने से बुजुर्ग महिला जाशो देवी (73) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति जगन राम किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। यह ठंड के मौसम में अलाव से झुलसने की तीसरी दर्दनाक घटना है, जिसने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया।

पति किसी तरह झोपड़ी से निकल आए

जानकारी के अनुसार, कचनरवा ग्राम पंचायत के टोला हडवरिया निवासी यह बुजुर्ग दंपती रोज की तरह अपनी झोपड़ी में अलाव जलाकर ठंड से राहत ले रहा था। इसी दौरान आग तेज हो गई और कुछ ही पलों में पूरी झोपड़ी धधकने लगी। आग के अचानक फैलने से जाशो देवी बाहर नहीं निकल सकीं, जबकि पति किसी तरह झोपड़ी से निकल आए।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया

आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उपलब्ध साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी के अंदर फंसी वृद्धा की जान जा चुकी थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि महिला का शरीर पूरी तरह जल गया।

सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका पूर्व ग्राम प्रमुख वंशीधर की चाची बताई जा रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कड़ाके की ठंड के चलते दंपती रोजाना अलाव जलाते थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि इस ठंड के मौसम में अलाव से झुलसकर जान गंवाने की यह जिले की तीसरी घटना है, जिसने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।