उप्र न्यूज़

तिलक की खुशियां मातम में बदलीं: डंपर की टक्कर से भाई-बहन व मौसी की मौत, चालक फरार

हरदोई। जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बिलग्राम मार्ग पर सुरसा थाना क्षेत्र के फारमपुरवा के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार भाई-बहन समेत तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान आदर्श अवस्थी (20), उनकी बड़ी बहन मधू अवस्थी (23) और मौसी कामिनी पांडेय (42) के रूप में हुई है। तीनों एक पारिवारिक तिलक समारोह में शामिल होकर हरदोई जा रहे थे।

आदर्श गुरुवार को ही नोएडा से गांव आए थे

जानकारी के मुताबिक, सुरसा थाना क्षेत्र के फतियापुर निवासी आदर्श अवस्थी नोएडा में एक मोबाइल कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। उनके ताऊ अशोक अवस्थी के पुत्र प्रशांत का तिलक समारोह शुक्रवार रात आयोजित हुआ था, जिसमें शामिल होने के लिए आदर्श गुरुवार को ही नोएडा से गांव आए थे। इस समारोह में आदर्श की मौसी कामिनी पांडेय, जो हरदोई के बावन चुंगी क्षेत्र की निवासी थीं, भी शामिल हुई थीं।

हरदोई की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर

शनिवार सुबह आदर्श अपनी बहन मधू और मौसी कामिनी को बाइक से हरदोई लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर ढोलिया तिराहा के पास फारमपुरवा के सामने पहुंचे, तभी हरदोई की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव और परिजनों में कोहराम मच गया।अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि हादसे के बाद डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button