चिल्ला बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात, सीमेंटेड और लोहे के बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच तेज
नोएडा। सीजेपी के आह्वान पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दिल्ली से सटे नोएडा के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। चिल्ला बॉर्डर समेत संवेदनशील स्थानों पर सीमेंटेड और लोहे के बैरिकेड लगाकर निगरानी की जा रही है। पुलिस ने ड्रोन के जरिए भी इलाकों पर नजर रखनी शुरू कर दी है।
सुबह से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के बाद ही वाहनों को आगे जाने दिया जा रहा है, जिससे कुछ स्थानों पर वाहनों की कतारें लगने और यातायात की गति धीमी होने की स्थिति बन रही है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पीएसी की तीन कंपनियां भी तैनात की गई हैं। इसके साथ ही मेट्रो स्टेशनों, संवेदनशील क्षेत्रों और कंपनियों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।
चिल्ला बॉर्डर पर लगाए गए बैरिकेड के पास पुलिस की ओर से नोटिस भी लगाया गया है। इसमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू होने की जानकारी देते हुए बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन, जुलूस या भीड़ जुटाने पर रोक संबंधी निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए बड़ा टेंट लगाया गया है। पुलिसकर्मी वाहनों की जांच के साथ यातायात व्यवस्था भी संभाल रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से दिल्ली जाने से बचें और जरूरी यात्रा पर निकलने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी ले लें।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









