होम उप्र न्यूज़ सफाईकर्मियों को ₹16 हजार मानदेय, योगी का बड़ा ऐलान, पीएफ-बीमा और इलाज...

सफाईकर्मियों को ₹16 हजार मानदेय, योगी का बड़ा ऐलान, पीएफ-बीमा और इलाज की भी मिलेगी सुविधा

0
22

मानदेय में अवैध कटौती करने वालों की खैर नहीं, सीएम योगी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी; माफिया की जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगे बहुमंजिला मकान

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में सफाईकर्मियों के मानदेय और सामाजिक सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों को न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें भविष्य निधि (पीएफ), सुरक्षा बीमा और इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। किसी सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने साफ चेतावनी दी कि सफाईकर्मियों के मानदेय से अवैध कटौती करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को अपने वाराणसी दौरे के दूसरे और अंतिम दिन पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वाराणसी दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्होंने स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया और उनके काम को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सुबह सबसे पहले काम पर जुटते हैं सफाईकर्मी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब लोग सुबह सोकर भी नहीं उठते, तब तक सफाईकर्मी अपने काम में जुट जाते हैं। अपने परिश्रम से वे लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराते हैं। समाज में उनके योगदान को देखते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल नगर निगम तक सीमित नहीं है। विकास प्राधिकरण और शासन के विभिन्न विभाग भी इसमें अपनी भूमिका निभा रहे हैं। स्वच्छ शहर बनाने के लिए सभी विभागों और नागरिकों का सहयोग जरूरी है।

सफाईकर्मियों के लिए अहम ऐलान:

  • न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय।
  • भविष्य निधि (पीएफ) की सुविधा।
  • सुरक्षा बीमा और इलाज की व्यवस्था।
  • मृत्यु होने पर परिवार को आर्थिक सहायता।
  • मानदेय से अवैध कटौती पर सख्त कार्रवाई।

76 दिन तक वार्डों में चला जनसंपर्क अभियान

मुख्यमंत्री ने विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के वार्ड प्रवास कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही है, जिसकी पहुंच एक-एक घर तक हो। 76 दिनों के प्रवास के दौरान 11 रविवार को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

योगी ने कहा कि जागरूक जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाएं। उन्होंने इसे जनकल्याण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ते हुए ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के विचार का उल्लेख किया।

विकास कार्यों की सुरक्षा जनता की भी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े निर्माण और विकास कार्य करा सकती है, लेकिन उनकी सुरक्षा और रखरखाव में नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। यदि लोग जागरूक नहीं होंगे, तो अच्छे से अच्छे विकास कार्य भी खराब हो सकते हैं।

उन्होंने बारिश के मौसम में वार्डों में सफाई अभियान चलाने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी निर्माण जनता की संपत्ति हैं। उनकी सुरक्षा करना और टूट-फूट से बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि केवल कंक्रीट के जंगल खड़े करने से शुद्ध वातावरण नहीं मिलेगा, इसके लिए हरियाली बढ़ाना भी जरूरी है।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नागरिक तभी जागरूक होते हैं, जब उनके चुने हुए जनप्रतिनिधि खुद जागरूक हों। तंज कसते हुए योगी ने कहा कि जब नेतृत्व दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा, तो जनहित के काम कैसे होंगे। उन्होंने परिवार को ही पूरा प्रदेश मानने की सोच पर भी सवाल उठाया।

माफिया की जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगे मकान

मुख्यमंत्री ने माफिया के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि अब माफिया के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि माफिया से खाली कराई गई जमीनों पर गरीबों के लिए बहुमंजिला इमारतें बनाई जाएंगी। सरकार का उद्देश्य ऐसी जमीनों का इस्तेमाल जनहित में करना और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक अवधेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और महापौर अशोक तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर