-‘जननीति भारत’ के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगी दिव्या, बोलीं—राजनेता नहीं, पूरी राजनीति बदलना है मकसद
मीरजापुर। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक पारी का आगाज करते हुए नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम ‘जननीति भारत’ रखा है। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो जारी कर उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में मीरजापुर सदर सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की। उनके इस ऐलान के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
दिव्या मित्तल ने इससे पहले 30 सितंबर को राजनीति में आने की घोषणा की थी। उस समय उन्होंने साफ कहा था कि वह उत्तर प्रदेश में ही रहकर काम करेंगी और किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ेंगी। उन्होंने अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा था, डरूंगी नहीं, सवाल करूंगी। उनका कहना था कि मकसद केवल राजनेताओं को बदलना नहीं, बल्कि राजनीति की कार्यशैली में बदलाव लाना है। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें राजनीति में पैसा और बाहुबल नहीं चाहिए।
इस्तीफे के बाद सियासी भविष्य पर लग रहे थे कयास
2013 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को सेवा से इस्तीफा दिया था, जिसे 14 सितंबर को मंजूरी मिल गई। इसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अब नई पार्टी के गठन और मीरजापुर सदर से चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ उन्होंने अपना राजनीतिक एजेंडा सामने रख दिया है।
लंदन की नौकरी छोड़ चुनी सिविल सेवा की राह
हरियाणा के रेवाड़ी की मूल निवासी दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, जहां उनकी मुलाकात गगनदीप सिंह से हुई। दोनों ने प्रेम विवाह किया। बाद में दिव्या और उनके पति लंदन की नौकरी छोड़कर भारत लौट आए। भारत आने के बाद दिव्या ने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। उपलब्ध विवरण के अनुसार, उन्होंने बिना कोचिंग पहले प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस सेवा में जगह बनाई। उन्हें गुजरात कैडर मिला। आईपीएस प्रशिक्षण के दौरान भी उन्होंने आईएएस बनने की तैयारी जारी रखी और अगले वर्ष 2013 में आईएएस के लिए चयनित हुईं। अब प्रशासनिक सेवा से राजनीति तक का सफर तय करने के बाद दिव्या मित्तल ने मीरजापुर सदर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









