प्रयागराज में 100 वर्ष की सांस्कृतिक विरासत का उत्सव, पहली बार 45 मिनट के लेजर शो में दिखीं संगम, कुंभ और देवी-देवताओं की झलकियां
प्रयागराज। बाई का बाग दुर्गा पूजा बारवारी इस वर्ष अपना शताब्दी वर्ष मना रही है। 100 वर्ष की आस्था, परंपरा और सामुदायिक सहभागिता को समर्पित इस आयोजन की शुरुआत भव्य समारोह के साथ हुई। शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों और समिति के सदस्यों ने स्मारिका का विमोचन भी किया।
शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूजा पंडाल को केरल के प्रसिद्ध पद्मनाभस्वामी मंदिर की थीम पर सजाया गया है। इसमें नाग पर शयन मुद्रा में विराजमान भगवान विष्णु की प्रतिमा और मंदिर के तहखाने में छिपे खजाने की रक्षा करते नाग की अवधारणा को दर्शाया गया है। पंडाल में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दक्षिण भारतीय मंदिर की स्थापत्य शैली और धार्मिक मान्यताओं की झलक देखने को मिल रही है।
45 मिनट के लेजर शो में दिखी धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत
इस बार आयोजन का प्रमुख आकर्षण 45 मिनट का लेजर शो रहा। आयोजकों के अनुसार, किसी दुर्गा पूजा परिसर में पहली बार इस तरह का शो आयोजित किया गया। ध्वनि और प्रकाश के माध्यम से प्रयागराज के गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम, ऐतिहासिक कुंभ, देश के वीर जवानों के शौर्य, मां दुर्गा के महिषासुर मर्दन, भगवान शिव के तांडव और भगवान कृष्ण की लीलाओं का चित्रण किया गया।

लेजर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रकाश और ध्वनि के तालमेल से प्रस्तुत धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृश्यों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों और आयोजकों का उत्साह बढ़ाया।
100 साल की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास
बाई का बाग दुर्गा पूजा बारवारी का शताब्दी वर्ष केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक भी है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष जयन्त श्रीधर जोशी, कार्यकारी अध्यक्ष राजू द्विवेदी, टीपी मिश्रा, राजेश मलिक, सुब्रतो घोष, सचिव रत्नेश पांडेय, पवन शुक्ला, सुनील शुक्ला, चिक्की जैन, आभा द्विवेदी, पार्षद किरण जायसवाल, टिंकू कोहली, गोपाल मित्तल, अंकित सिंह, प्रवीण जैन और सचिन रावत सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र द्विवेदी ने किया।उक्त जानकारी लालू मित्तल, जनसंपर्क अधिकारी, मीडिया प्रभारी बाइ का बाग दुर्गा पूजा ने दी।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









