होम उप्र न्यूज़ यूपी में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, जेवर में इमरान हत्याकांड के...

यूपी में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, जेवर में इमरान हत्याकांड के दो आरोपी घायल, अमेठी में शातिर चोर गिरफ्तार

0
30

नोएडा/अमेठी। उत्तर प्रदेश में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर और अमेठी में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जेवर में इमरान हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि अमेठी में चोरी के मामलों में वांछित एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। अमेठी में उसके भाई को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में हथियार, कारतूस और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।

जेवर में इमरान हत्याकांड के दो आरोपी घायल

पहली मुठभेड़ गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में झांझर रोड स्थित पावर हाउस के पास हुई। पुलिस यहां संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस का सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में शेरू उर्फ शेर मोहम्मद और मौसीम के पैर में गोली लगी।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सात अक्टूबर की रात इमरान की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेवर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

अमेठी में चोरी के आरोपी से मुठभेड़, भाई भी गिरफ्तार

दूसरी मुठभेड़ अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में कुकहा रामपुर गांव के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसके भाई चांद को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि दोनों भाइयों ने करीब 15 दिन पहले शिवरतनगंज क्षेत्र के चार घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। गिरफ्तार वकील के खिलाफ अमेठी, बाराबंकी और अयोध्या के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य आरोपों में कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के जेवर और एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। यह कार्रवाई ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत स्वाट टीम, बाजार शुकुल और इन्हौना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

चार घरों में चोरी के बाद गठित हुई थीं पांच टीमें

अमेठी के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 19 और 20 अक्टूबर की रात शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के चार घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन वारदातों का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया था।

एएसपी के मुताबिक, अभियान के तहत पुलिस की टीमें संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस का बदमाशों से सामना हुआ। मुठभेड़ के बाद वकील उर्फ सेनापति और उसके भाई चांद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी