होम उप्र न्यूज़ लखनऊ में रात्रि गश्त में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, पांच पुलिसकर्मी नपे

लखनऊ में रात्रि गश्त में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, पांच पुलिसकर्मी नपे

0
22

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के निर्देश पर तीन जोन में हुई कार्रवाई, दो चौकी प्रभारी थानों से संबद्ध और तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

लखनऊ। राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। रात्रि गश्त और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें दो चौकी प्रभारी शामिल हैं, जिन्हें उनकी मौजूदा तैनाती से हटाकर संबंधित थानों से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से रविवार को जारी जानकारी के मुताबिक, पूर्वी, दक्षिणी और मध्य जोन में रात्रि गश्त एवं पुलिस ड्यूटी की औचक जांच कराई गई थी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाह पाए गए। कहीं ड्यूटी में शिथिलता मिली तो कहीं पुलिसकर्मी निर्धारित गश्त के दौरान अनुपस्थित मिले।

पूर्वी जोन में दो चौकी प्रभारी हटाए गए

पूर्वी जोन में ड्यूटी के प्रति लापरवाही सामने आने पर पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने दो चौकी प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की। अरावली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्चना और कमता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत को उनकी मौजूदा तैनाती से हटाकर संबंधित थानों से संबद्ध कर दिया गया।

दक्षिणी और मध्य जोन में तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

दक्षिणी जोन में रात्रि गश्त के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर सरोजनीनगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक आशीष कुमार और आरक्षी सतेंद्र यादव को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसी क्रम में मध्य जोन के निशातगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार भी रात्रि गश्त ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।

रात्रि गश्त में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: पुलिस कमिश्नर

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने स्पष्ट किया है कि रात्रि गश्त और ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गैरहाजिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि ड्यूटी के प्रति उदासीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक, रात्रि गश्त का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखना, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। इसके लिए सभी जोन में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की नियमित समीक्षा की जाएगी।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी