होम उप्र न्यूज़ यूपी में 20 IPS अधिकारियों के तबादले

यूपी में 20 IPS अधिकारियों के तबादले

0
63

दो एडीजी समेत 12 जिलों के पुलिस कप्तान बदले, बलिया की कमान ईरज राजा को; रवीना त्यागी बाराबंकी की नई एसपी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में एडीजी स्तर के दो अधिकारियों के साथ कई जिलों के पुलिस कप्तान शामिल हैं। बलिया, बस्ती, जौनपुर, गाजीपुर, बाराबंकी, मऊ, जालौन, बागपत, हापुड़, मुजफ्फरनगर और आजमगढ़ समेत कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

तबादले के तहत यशवीर सिंह को बस्ती के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर जौनपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। ओमवीर सिंह को बलिया से बस्ती का एसपी बनाया गया है, जबकि गाजीपुर के एसपी ईरज राजा को बलिया का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है।

रवीना त्यागी को बाराबंकी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है।

मऊ में भी पुलिस कप्तान बदला गया है। कमलेश बहादुर को मऊ का नया एसपी बनाया गया है, जबकि मऊ के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर भेजा गया है। गाजीपुर की जिम्मेदारी पहले ईरज राजा के पास थी। वहीं सूरज कुमार राय को बागपत से हटाकर मुजफ्फरनगर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार को चौथी वाहिनी पीएसी, प्रयागराज में सेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है।

चिराग जैन को आजमगढ़ ग्रामीण के एसपी पद से हटाकर बरेली नगर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं बरेली नगर के एसपी मानुष पारीक को आजमगढ़ नगर का एसपी नियुक्त किया गया है। पूर्णेंदु सिंह को बागपत का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। मधुवन कुमार सिंह को आजमगढ़ नगर से हापुड़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं सुरेश चंद्र रावत को मथुरा से स्थानांतरित कर जालौन का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

वरिष्ठ स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। ए. सतीश गणेश को अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले उनके पास अपर पुलिस महानिदेशक अपराध, उत्तर प्रदेश, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार था। अपराध विभाग का अतिरिक्त प्रभार अब भगवान एस. श्रीवास्तव को दिया गया है, जो पहले से तकनीकी सेवाएं लखनऊ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

इसके अलावा आलोक राज नारायण को हरदोई में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद से अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा बनाया गया है। तबादला सूची में अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।सरकार की ओर से अधिकारियों को नए पदों का कार्यभार ग्रहण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यापक फेरबदल के बाद कई जिलों में पुलिस प्रशासन की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर