होम उप्र न्यूज़ टाटा के लेबर कैंप में धधकी आग, दो गैस सिलेंडर फटे, मचा...

टाटा के लेबर कैंप में धधकी आग, दो गैस सिलेंडर फटे, मचा हड़कंप

0
31

लखनऊ के सरोजनीनगर में तीन मंजिला अस्थायी कैंप में मची अफरा-तफरी, 9 फायर टेंडरों ने 40 मिनट में पाया काबू, 352 मजदूर सुरक्षित

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टाटा प्रोजेक्ट्स कंपनी के लेबर कैंप में अचानक भीषण आग भड़क उठी। तीन मंजिला अस्थायी ढांचे में लगी आग देखते ही देखते तेजी से फैल गई। कैंप में उस समय करीब 352 मजदूर मौजूद थे, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। आग बुझाने के दौरान कैंप के अंदर दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। सरोजनीनगर फायर स्टेशन की टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई। आग की विकरालता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया और कुल 9 फायर टेंडरों को राहत एवं बचाव अभियान में लगाया गया। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

सुबह 6:44 बजे मिली आग की सूचना

फायर विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6:44 बजे सरोजनीनगर फायर स्टेशन को एमडीटी के जरिए टाटा प्रोजेक्ट्स के लेबर कैंप में आग लगने की सूचना मिली। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दो फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए और मुख्य अग्निशमन अधिकारी लखनऊ को जानकारी दी गई।

एफएसएसओ नादरगंज के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम करीब 6:49 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचने पर तीन मंजिला अस्थायी संरचना से आग की लपटें तेजी से उठती मिलीं। कैंप में दर्जनों मजदूर रह रहे थे और आग लगातार फैल रही थी।

22 हजार लीटर के नए वाटर बाउजर समेत 9 गाड़ियां जुटीं

स्थिति को गंभीर देखते हुए फायर विभाग ने अतिरिक्त संसाधन मौके पर भेजे। मुख्यालय से हाल ही में उपलब्ध कराए गए 22 हजार लीटर क्षमता वाले नए वाटर बाउजर को भी आग बुझाने के अभियान में लगाया गया। इसके अलावा एयरपोर्ट से तीन फायर टेंडर बुलाए गए। कुल 9 दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का अभियान चलाया गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की।

पहली और दूसरी मंजिल पर चढ़कर बुझाई आग

फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग की भयावहता के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर तीन मंजिला संरचना की पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंचकर आग बुझाने का काम किया। इसी दौरान कैंप के अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। इसके बावजूद दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा और आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की।करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

बैरक नंबर 9 में खाना बनाते समय भड़की आग

फायर विभाग की जांच में प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि आग बैरक नंबर 9 में खाना बनाते समय लगी। गैस सिलेंडर से लगी आग ने देखते ही देखते अस्थायी संरचना को अपनी चपेट में ले लिया और पूरा ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।पुलिस के मुताबिक, कैंप में कुल तीन मंजिल थीं और प्रत्येक मंजिल पर 11-11 कमरे बने थे। आग से कुल 17 कमरे प्रभावित होकर जल गए, जबकि उनमें रखा श्रमिकों का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ।

बाहर निकलते समय दो मजदूर चोटिल

आग की चपेट में आने से किसी व्यक्ति के झुलसने की सूचना नहीं है। हालांकि कैंप से बाहर निकलते समय दो मजदूर चोटिल हो गए। इनमें निर्मल (30), पुत्र मुखिया, निवासी सहरसा, बिहार और राहुल कुमार (26), पुत्र भगवती दीन पाल, निवासी सालीपुर, प्रतापगढ़ शामिल हैं।पुलिस के अनुसार दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा सामान निकालने के दौरान ओमप्रकाश पाल और पवन कुमार को भी हल्की खरोंचें आईं।

352 मजदूरों को सुरक्षित निकालकर दूसरे कैंप में शिफ्ट किया जा रहा

सबसे बड़ी राहत यह रही कि कैंप में करीब 352 मजदूर मौजूद होने के बावजूद किसी की जान नहीं गई। पुलिस और फायर टीमों ने सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रभावित श्रमिकों को पास स्थित दूसरे लेबर कैंप में शिफ्ट कराया जा रहा है।आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षित किया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।फायर विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है और घटना के कारणों तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर