ईरान ने अमेरिकी मानवरहित जहाज के इरादे नाकाम करने का दावा किया, मोचा पर कब्जे से बढ़ी क्षेत्रीय चिंता
तेहरान/वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका के ‘सेलड्रोन टाइप’ मानवरहित जहाज पर कार्रवाई कर उसके इरादों को विफल कर दिया। इसी बीच ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के महत्वपूर्ण शहर मोचा पर कब्जा करने का दावा किया है।
हूतियों के इस कदम से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। यह मार्ग वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए बेहद अहम माना जाता है।
ओमान के तट के पास दो जहाजों को नुकसान
अल जजीरा और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर को ओमान के तट के पास दो जहाजों पर प्रोजेक्टाइल लगने की सूचना मिली है। इन प्रोजेक्टाइल को मिसाइल या रॉकेट जैसे हथियार बताया गया है।
हूती विद्रोहियों के मोचा पर कब्जे के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यमन के हालात पर बैठक की। संयुक्त राष्ट्र में यमन सरकार के प्रतिनिधि ने हूती समूह पर पड़ोसी देशों और नागरिकों के खिलाफ आक्रामकता बढ़ाने का आरोप लगाया।
सऊदी अरब ने दी सुरक्षा की चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र में सऊदी अरब के प्रतिनिधि अब्दुल अजीज अल-वासिल ने कहा कि उनका देश हूती हमलों को रोकने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने भी चेताया कि यमन में बढ़ता संघर्ष पूरे क्षेत्र के लिए दूरगामी परिणाम पैदा कर सकता है। उन्होंने तत्काल कूटनीतिक समाधान की अपील की।
ईरान बोला- यमन को सम्मान के साथ जीने का अधिकार
यमन को लेकर ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि देश को दबाव, धमकी और घेराबंदी से मुक्त होकर सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। मंत्रालय ने यमन की राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान की बात कही।
ईरान के मंत्रालय के मुताबिक, लगातार घेराबंदी और सैन्य सहायता के जरिए यमन की समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता। उसने यमन के हालात को लेकर कूटनीतिक प्रयासों में सहयोग करने की भी इच्छा जताई है।
ट्रंप का दावा- चुनाव के बाद खत्म हो सकता है युद्ध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान मध्यावधि चुनाव को प्रभावित करने के लिए बेताब है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव के तुरंत बाद संघर्ष खत्म हो सकता है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान अब ज्यादा समय तक संघर्ष जारी रखने की स्थिति में नहीं है।
यह भी पढ़े : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के मानदेय वृद्धि का शासनादेश जारी, इसी माह से लागू
यह भी पढ़े : यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में बोले योगी- अब दंगा, कर्फ्यू और उपद्रव मुक्त है प्रदेश
यह भी पढ़े : घर से साथ निकले थे मां-पिता और बेटा, सड़क हादसे ने एक साथ उजाड़ दिया पूरा परिवार
यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश
यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये









